Jamshedpur DC Treasury Inspection : पूर्व में की गई निकासी से संबंधित प्रक्रियाओं की करें जांच
जिला कोषागार का निरीक्षण करने पहुंचे उपायुक्त, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
जमशेदपुर : जिले में वित्तीय लेन-देन की प्रक्रियाओं को सटीक, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जमशेदपुर कोषागार का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वित्तीय अभिलेखों की स्थिति, भुगतान प्रणाली तथा विभागीय समन्वय की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वित्तीय कार्यों में उच्च स्तर की सावधानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए.
उपायुक्त ने विशेष रूप से यांत्रिकी विभागों द्वारा विगत 5 वर्षों में प्राप्त आवंटन एवं की गई निकासी का विस्तृत मिलान से करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विभागवार सभी वित्तीय अभिलेखों का पुन: सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि आवंटित राशि का उपयोग नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से हुआ है. इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी यांत्रिकी विभागों को निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं के उपयोगिता प्रमाण पत्र आगामी 10 दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से समर्पित करें. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्तने सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया कि वे पूर्व में की गई निकासी से संबंधित संपूर्ण प्रक्रियाओं की गहन जांच करें. उन्होंने कहा कि प्रत्येक भुगतान एवं निकासी के पीछे की प्रक्रिया, स्वीकृति, अभिलेख एवं बैंक विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए. उन्होंने कोषागार पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी विपत्रों की सूक्ष्म जांच सुनिश्चित की जाए तथा नियमों के अनुपालन में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए. निरीक्षण के दौरान कोषागार से संबंधित विभिन्न अभिलेखों, लंबित मामलों एवं वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की गई.

