साकची गुरुद्वार कमिटी की पहल : को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट शुरु, फाइनल रविवार को
जमशेदपुर : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में शुक्रवार को खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) का आगाज हुआ, जिसमें रोमांचक मुकाबलों के बाद किंग्स इलेवन पंजाब, साकची और टिनप्लेट सुपर किंग्स ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची द्वारा आयोजित खालसा प्रीमियर लीग के आज खेले गए पहले मैच में टिनप्लेट सुपर किंग्स ने जेम्को इलेवन को 6 विकेट से हराया. जेम्को ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 75 रन बनाए जिसमे प्रिंस 18 और जगराज ने 15 रनों का योगदान दिया. जवाब में टिनप्लेट की टीम ने 6.3 ओवर में 78 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. टिनप्लेट की ओर से राज 23 रन और मनजीत 21 रन ने शानदार बल्लेबाजी की.
वहीं, परम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गेंदबाजी में 2 विकेट लेने के साथ बल्लेबाजी में भी योगदान दिया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया. दूसरे मैच में किंग्स इलेवन पंजाब, साकची ने गुरसिख क्रिकेट एसोसिएशन को 7 विकेट से हराया. गुरसिख की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 92 रन बनाए. आकाश 24 और मलकीत 18 ने सर्वाधिक रन बनाये. जवाब में किंग्स इलेवन पंजाब ने 7.2 ओवर में 95 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. ध्रुवपाल ने शानदार 40 रनों की पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. कीरत ने 25 रनो का योगदान दिया.
आज के मुख्य अतिथि गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह ने टीम सहित गुब्बारे उड़ाकर खेल प्रतियोगिता का विधिवत उद्धाटन किया. कहा कि केपीएल न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है. टूर्नामेंट के तकनिकी निदेशक बलजीत संसोआ ने बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा. इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के महासचिव सौरव तिवारी मुख्य अतिथि होंगे.