April 18, 2026

Jamshedpur Railway Yatri Sangharsh Samity Baithak : हस्ताक्षर अभियान चलाकर यात्रियों से लिया जाएगा ‘फीडबैक’

IMG-20260418-WA0003

विधायक सरयू की मौजूदगी में रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक, ट्रेनों की लेट-लतीफी पर लोग आक्रोशित

जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर आंदोलन और तेज होगा. साथ ही चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम से यह पूछा जाएगा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में यात्री ट्रेनों को रोक कर मालगाड़ी को आगे बढ़ाने का आदेश किसका है? अगर डीआरएम ने खुद तय किया है तो वह बताएं, अगर रेल महाप्रबंधक ने तय किया हो तो वह बताएं. यह फैसला आज जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक में लिया गया. बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने की. विधायक सरयू राय की इसमें विशेष उपस्थिति रही.
बैठक में कहा गया कि यात्री ट्रेनों की समय सारणी तय है. मालगाडिय़ों की कोई समय सारणी नहीं होती. यह सवाल उठाया गया कि जब रेलवे के पास इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है तो मालगाडिय़ों की भीड़ लगाने का आधार क्या है? इस संबंध में जल्द ही रेल यात्री संघर्ष समिति का शिष्टमंडल डीआरएम को ज्ञापन देगा, जिसकी प्रतिलिपि रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और रेल महाप्रबंधक को भी भेजी जाएगी. बैठक में यह भी तय हुआ कि एक अभियान चलाकर विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों से उतरनेवाले पैसेंजरों का हस्ताक्षर लिया जाएगा. इसमें यात्री फीडबैक भी शामिल होगा. टाटानगर, आदित्यपुर, गोविंदपुर, सलगाजुड़ी, कांड्रा, गम्हरिया जैसे स्टेशनों पर कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे और ट्रेन के अंदर जाकर भी वो यात्रियों से ट्रेनों की लेटलतीफी के बारे में पूछेंगे. बैठक में मुकेश मित्तल, सुबोध श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, अजय कुमार, सतीश कुमार सिंह, नीरज सिंह, कुलविंदर सिंह, अमित शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.

hemkund-public-school

You may have missed