Jamshedpur JDU Ka Ex PM Chandrasekhar Jayanti : संबंधों को जीनेवाले इंसान थे पूर्व पीएम चंद्रशेखर : सरयू
जदयू ने मनाया शताब्दी वर्ष जयंती समारोह
जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी का शताब्दी वर्ष जयंती समारोह जदयू ने मिलानी हॉल में आयोजित किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय थे. श्री राय ने चंद्रशेखर को एक ऐसा नेता बताया, जो अपनी आलोचनाओं को कभी निजी तौर पर नहीं लेते थे. वे संबंधों को खास तवज्जो देते थे और आलोचनाओं का उनके संबंधों पर कभी कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रशेखर जी का कोई समानांतर नहीं हो सकता. श्री राय ने कहा कि चंद्रशेखर जी की एक खासियत थी. उनके जिनसे भी संबंध रखते थे, छुपाते नहीं थे, वह उसे उजागर करते थे. वे संबंधों को जीने वाले इंसान थे. कभी उन्होंने संबंधों को उजागर करने में परहेज नहीं किया.
सरयू ने कहा कि चंद्रशेखर जी और अटल बिहारी वाजपेयी के बीच मतभिन्नता होते हुए भी गहरी दोस्ती थी. चंद्रशेखर जी अटल जी को गुरुजी कहते थे और अटल जी चंद्रशेखर को गुरुघंटाल कहते थे. दोनों लोकसभा में मुस्कुराते, ठठाकर हंसते भी देखे गए. श्री राय ने कहा कि चंद्रशेखर जी के इस शताब्दी वर्ष में वह बोकारो, रांची, धनबाद, पटना आदि में कार्यक्रम करेंगे. उनका व्यक्तित्व ऐसा रहा कि उनके समानांतर कोई हो न सका. इसके पूर्व समाजसेवी शिवशंकर सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर जी बेहद सहज, सरल थे. मंच संचालन जदयू के महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन जदयू के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने किया.

