June 17, 2026

Jamshedpur Laxmi Munda Ka Ilaaj Nahi : एमओयू खत्म, इलाज बंद : सिस्टम की खामी से जूझती मासूम

IMG-20260429-WA0003

कैंसर से जूझ रही बच्ची का इलाज रुका, परितोष सिंह ने उठाई आवाज

जमशेदपुर : पार्षद सह कांग्रेस नेता डॉ. परितोष सिंह ने छोटागोविंदपुर स्थित सनातनपुर गांव की 11 वर्षीय आदिवासी बच्ची लक्ष्मी मुंडा के इलाज में आई रुकावट पर चिंता जताई है. लक्ष्मी ‘एक्यूट ब्लड कैंसर’ जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है, लेकिन प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से उसका इलाज फिलहाल ठप पड़ गया है. उन्होंने बताया कि लक्ष्मी का इलाज ‘मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना’ के तहत टाटा कैंसर अस्पताल में कराया जाना था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल के बीच हुए एमओयू (समझौता ज्ञापन) की अवधि 17 मार्च को समाप्त हो जाने के कारण योजना के तहत इलाज की सुविधा बंद हो गई. इससे न सिर्फ लक्ष्मी बल्कि राज्य के अन्य जरूरतमंद मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को सोशल मीडिया के माध्यम से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है. परितोष ने मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग और टाटा कैंसर अस्पताल सहित जमशेदपुर के अन्य अस्पतालों के साथ लंबित एमओयू नवीनीकरण की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए, ताकि गरीब मरीजों का इलाज बाधित न हो. साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन और सिविल सर्जन से इस मामले में व्यक्तिगत रुचि लेकर लक्ष्मी को शीघ्र आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की.