मोहरदा पहुंचे विधायक, पीएम आवास योजना का किया निरीक्षण
जमशेदपुर : विधायक सरयू राय ने कहा कि मोहरदा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों में हो रहे विलंब और तैयार मकानों को लाभुकों को न सौंपने के मामले में वे सीएजी को लिखेंगे और जुडको (झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी) के खिलाफ जांच करने की मांग करेंगे. श्री राय ने बताया कि गत सोमवार को इस इलाके की महिला-पुरुषों ने उनसे उनके बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताई थीं. उन लोगों के आग्रह पर श्री राय मंगलवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे थे. श्री राय ने सरकार से कहा कि अगर लाभुकों को मकान की चाबी देने में देरी होगी तो जिन लोगों ने बिजली का पैसा जमा कर दिया है, वो इंतजार नहीं करेंगे. वो धीरे-धीरे घरों में घुसेंगे. जब पूरा भुगतान हो चुका है, तब इंतजार किस बात का? सरकार गरीबों का मजाक न बनाए। उन्होंने जुडको पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस संस्था ने जो गरीबों के साथ मजाक किया है, उसके लिए उसे कौन सी सजा दी जाए, समझ में नहीं आ रहा। जुडको सरकार की योजना को विलंब करा रही है. अभी मात्र दो ब्लॉक ही बने हैं, शेष ब्लॉक बनने में न जाने कितने वर्ष बीत जाएं. उन्होंने कहा कि वह सीएजी को लिख कर देंगे और इसकी जांच की मांग करेंगे. श्री राय ने कहा कि जब सब कुछ तैयार है तो लोगों को मकान दिया क्यों नहीं जा रहा है, ये प्रक्रिया क्यों रोकी गई है? श्री राय ने कहा कि वे गुरुवार को सचिव से बात करेंगे. अगर बात उद्घाटन की है तो जिसे भी उद्घाटन करना है, ऑनलाइन कर दे, ये काम जल्दी होना चाहिए. अब इंतजार उचित नहीं है. श्री राय ने आश्चर्य जताया कि बिजली विभाग इन्हें कनेक्शन क्यों नहीं दे रहा. बिजली विभाग के अधिकारी ने उनसे कहा कि जुस्को या जेएनएसी तैयार हो जाए तो मिनटों में कनेक्शन मिल जाएगा.