Jamshedpur MLA Saryu Roy Ka Signature Campaign : रेलगाडिय़ां समय पर नहीं चलाई गईं तो होगा उग्र आंदोलन
टाटानगर स्टेशन के बाहर हस्ताक्षर अभियान, भाजपा से भी आंदोलन में शामिल होने की होगी पहल
जमशेदपुर : भीषण गर्मी में ट्रेनों की लेटलतीफी के विरुद्ध टाटानगर स्टेशन परिसर में रविवार को रेल यात्री संघर्ष समिति के तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. अभियान की शुरुआत विधायक सरयू राय ने स्वयं हस्ताक्षर कर की. इसके बाद रेल यात्रियों ने उक्त बोर्ड पर हस्ताक्षर किये. इस दौरान ट्रेनों की लेटलतीफी के शिकार यात्रियों से फार्म भरवाने का काम दो स्थानों पर चला. कई लोग क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटली अपना समर्थन दिया. मौके पर विधायक सरयू ने कहा कि रेलवे अधिकारियों की हठधर्मिता चिंताजनक है. उन्होंने भाजपा से आह्वान किया कि इस आंदोलन में साथ दें. यह आंदोलन जनता से जुड़ा है. यह भी कहा कि रेलवे अफसरों की हठधर्मिता दूर नहीं हुई तो आंदोलन की दिशा बदलनी पड़ेगी.
श्री राय ने सवाल किया कि चक्रधरपुर डिवीजन में ही यात्री ट्रेनें क्यों लेट से चल रही हैं? इन्हें लेट चलाने और मालगाड़ी को आगे बढ़ाने के पीछे क्या स्वार्थ है रेलवे का? क्या आप रेल मंत्री को बताना चाहते हैं कि सबसे ज्यादा मालढुलाई कर हम लोग सबसे ज्यादा पैसे कमा रहे हैं? अगर आप प्रमोशन पाकर आगे बढऩा चाहते हैं, यही आपका अगर ध्येय है तो यह चकनाचूर हो जाएगा. रेलवे बोर्ड व रेल मंत्रालय को उनकी रवैया व कार्यशैली को पहुंचाया जाएगा. सरयू ने जानकारी दी कि आनेवाले दिनों में आदित्यपुर, गम्हरिया, घाटशिला आदि इलाकों में हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे. ये भी संभव है कि टाटानगर से लेकर चांडिल तक या उससे भी आगे रेल पटरियों पर भी बैठ जाएं. समिति की एक ही मांग हैं कि टाटानगर रेलवे स्टेशन से ट्रेनें समय पर खुलें, समय पर पहुंचे. हस्ताक्षर अभियान में आशुतोष राय, अमृता मिश्रा, अमित शर्मा, नीरज सिंह, प्रकाश कोया, राजेश प्रसाद, अंजली सिंह, कौशल, निर्मल सिंह, रणजीत प्रसाद, दुर्गा राव, जीतेंद्र सिंह, विकास सहनी, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, शेषनाथ पाठक समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए.
राजधानी एक्सप्रेस की झूठी रिपोर्टिंग
सरयू ने कहा कि आज राजधानी एक्सप्रेस चांडिल तक सही समय पर आई, लेकिन टाटानगर पहुंचने में लगभग 50 मिनट विलंब हुई. जब राजधानी एक्सप्रेस आदित्यपुर में खड़ी थी, तो रेलवे के ऐप में दिखा रहा था कि राजधानी एक्सप्रेस पांच मिनट पहले ही टाटानगर पहुंच चुकी थी. मौके पर मोर्चा के संयोजक शिव शंकर सिंह, आफताब अहमद सिद्दीकी, सुबोध श्रीवास्तव, कन्हैया सिंह, सतीश सिंह, उषा यादव सहित अन्य कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे.
रेलवे का दावा : पहले की तुलना में हुआ सुधार
दूसरी ओर रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की फीडबैक जारी की गई है, जिसमें कई यात्रियों की वीडियो भी शामिल है. विभाग ने अपना पुराना राग फिर अलापा है कि इसमें सुधार हो रहा है और ट्रेनों के परिचालन में सुधार देखने को मिल रहा है. यात्रियों का कहना है कि पहले जहां ट्रेनें घंटों लेट चलती थीं, वहीं अब स्थिति में बहुत हद तक सुधार हुआ है और ट्रेनें अपेक्षाकृत कम देरी से चल रही है. फीडबैक में शामिल यात्रियों ने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा समयबद्ध परिचालन की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका असर धीरे-धीरे दिखने लगा है. यात्रियों ने कहा कि अभी भी कुछ ट्रेनों में देरी की समस्या बनी हुई है, लेकिन पहले जैसी गंभीर स्थिति नहीं है.
