April 25, 2026

Jamshedpur Climate Change Par Guest Lecture : जलवायु परिवर्तन बन चुका है हमारे दैनिक जीवन का गंभीर संकट

IMG-20260425-WA0001

‘जलवायु परिवर्तन और सतत आजीविका पर इसके प्रभाव’ पर अतिथि व्याख्यान

जमशेदपुर : नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग द्वारा ‘जलवायु परिवर्तन और सतत आजीविका पर इसके प्रभाव’ पर विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया. इस शैक्षणिक कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर करीम सिटी कॉलेज के भूगोल विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. फरजाना अंजुम शामिल हुई. कार्यक्रम की शुरुआत में भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष मौसमी मुर्मू ने मुख्य वक्ता का औपचारिक स्वागत किया और विषय की रूपरेखा रखा. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन केवल एक पर्यावरणीय मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन और भविष्य की आजीविका से जुड़ा एक अत्यंत गंभीर संकट बन चुका है. भूगोल के विद्यार्थी होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम प्रकृति में हो रहे इन बदलावों को समझें और सतत विकास की दिशा में सोचें.
इसके बाद डॉ. फरजाना अंजुम ने जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती और मानव की आजीविका पर पड़नेवाले इसके प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष प्रभावों पर गहराई से प्रकाश डाला. साथ ही पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से ‘जलवायु परिवर्तन’ जैसी गंभीर वैश्विक चुनौती पर प्रकाश डाला. उन्होंने स्पष्ट किया कि किस प्रकार जलवायु परिवर्तन हमारी दीर्घकालिक आजीविका और अर्थव्यवस्था के लिए किस प्रकार संकट उत्पन्न कर रहे हैं.
उन्होंने कृषि पद्धतियों में आ रहे बदलाव, जल संसाधनों पर बढ़ते दबाव और कमजोर समुदायों पर पड़ने वाले इसके असमान असर का अत्यंत सूक्ष्मता से विश्लेषण किया. अंततः, इस संकट से निपटने की दिशा में उन्होंने अनुकूलन रणनीतियों और सतत विकास लक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका की भी चर्चा की. इस व्याख्यान में एक प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जहाँ छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और एवं मुख्य वक्ता ने उनके प्रश्नों का उत्तर दिया. धन्यवाद ज्ञापन भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष मौसमी मुर्मू ने किया. इस अवसर पर करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज़, भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आले अली और सहायक प्राध्यापिका डॉ. इनायत बानो ने डॉ. फरजाना अंजुम को उनके इस सफल व्याख्यान के लिए अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं.

You may have missed