पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहर में लागू होगी नयी व्यवस्था, नगर निकायों की बैठक में डीसी ने जारी किया निर्देश
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में आयोजित नगर निकायों की समीक्षा बैठक में उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी निकायों के अधिकारियों को योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होने नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाने, स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी और पेयजल सहित नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने तथा समयबद्ध समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिया. मानगो सहित अन्य नगर निकाय क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई तथा कचरा प्रबंधन हेतु आवश्यक पहल करने का निर्देश देते हुए स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने, लोगों को जागरूक करने एवं सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फेंकनेवालों पर जुर्माना वसूली करने का निर्देश दिया. साथ ही पायलट प्रोजेक्ट के तहत मार्केट प्लेस व प्रमुख सडक़ों को रात्रि में अथवा सुबह 5 बजे से पूर्व सफाई करने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त बरसात से पूर्व अभियान चलाकर नालों का सफाई का कार्य पूरा करने, डोर टू डोर कचरा संग्रहण एवं नागरिक समस्याओं की निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया. नगर निकायों के सहायक नगर आयुक्तों, विशेष पदाधिकारियों को प्रतिदिन फील्ड का स्वयं निरीक्षण करने और सफाई पर विशेष निगरानी रखने को कहा. बैठक में जेएनएसी सह मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक संदीप पासवान, चाकुलिया नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा सहित सभी नगर निकायों के सहायक नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
चिन्हित स्थानों पर वाटर एटीएम अधिष्ठापित करें
उपायुक्त ने गर्मी के मदेनजर सभी सार्वजनिक जगहों पर घड़ा, सुराही के माध्यम से अस्थाई पेयजल की व्यवस्था 2 दिनों के अंदर सुनिश्चित करने हेतु सभी निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिया. साथ ही एक साप्ताह के अंदर चिन्हित स्थानों पर वाटर एटीएम अधिष्ठापित कर चालु कराने को कहा. सभी सार्वजनिक, सुलभ, सामुदायिक शौचालयों में साफ सफाई, बिजली-पानी आदि की व्यवस्था दुरूस्त करने का निर्देश दिया. ड्राई जोन अथवा पेयजल की समस्यावाले क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों से पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.